Ranchi News:
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के युवा क्रिकेटर शिखर मोहन ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाकर शहर का नाम रोशन किया है। शिखर का चयन न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट मैच में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। उनके चयन से रांची के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
शिखर मोहन का क्रिकेट से जुड़ाव परिवार से ही रहा है। उनके पिता सूरज मोहन पेशे से अधिवक्ता हैं, लेकिन अपने जमाने में वह भी तेज गेंदबाज के रूप में क्रिकेट खेल चुके हैं। पिता के क्रिकेट अनुभव और मार्गदर्शन ने शिखर के खेल सफर को प्रेरित किया।
धोनी की तरह JVM श्यामली से की पढ़ाई
शिखर मोहन की खास बात यह है कि उनका जुड़ाव भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से भी कई मायनों में मिलता-जुलता है। शिखर भी धोनी की तरह रांची के JVM श्यामली स्कूल से पढ़े हैं। इसके अलावा, जिस मेकॉन ग्राउंड ने धोनी के क्रिकेट कौशल को निखारने में अहम भूमिका निभाई, उसी मैदान पर शिखर ने भी क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और अपने खेल को मजबूत बनाया।
बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज हैं शिखर
शिखर मोहन बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज हैं। उनकी बल्लेबाजी शैली और मैदान पर प्रदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
रांची के क्रिकेट जगत के लिए शिखर का चयन गर्व का क्षण है। महेंद्र सिंह धोनी के बाद रांची से एक और क्रिकेटर का भारतीय टीम तक पहुंचना युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। शिखर मोहन का यह सफर बताता है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और लगन से स्थानीय मैदानों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है।
शिखर मोहन के भारतीय टीम में चयन से रांची की क्रिकेट प्रतिभा को एक नई पहचान मिली है। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।
*****************************