रांची समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन
दिव्यांगों के चेहरे पर खिली मुस्कान
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने प्रदान की दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक ट्राईसाईकिल
कार्य में लापरवाही पर बेड़ो अंचल निरीक्षक एवं कर्मचारी को शोकॉज
सरेंडर करनेवाले नक्सली की पत्नी को 4 डिसिमल भूमि आवंटित
जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें पदाधिकारी/कर्मचारी – जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री
रांची,01.06.2026 – जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री का जनता दरबार एक बार फिर आमजनों के लिए राहत, भरोसे और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई का मंच साबित हुआ। जनता दरबार में जहां जरूरतमंदों को तत्काल सहायता उपलब्ध करायी गयी, वहीं सरकारी कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक विलंब पर प्रशासन का सख्त रुख भी देखने को मिला। विभिन्न प्रखंडों और अंचलों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिये तथा कई मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करायी।

दिव्यांगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
बेड़ो प्रखंड निवासी 25 वर्षीय आकाश उरांव, जो 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हैं, अपने भाई की गोद में बैठकर जनता दरबार पहुंचे थे। स्नातक शिक्षित आकाश की समस्या सुनते ही जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें राज्य सरकार की इलेक्ट्रिक ट्राईसाईकिल उपलब्ध करायी। जनता दरबार से लौटते समय आकाश स्वयं इलेक्ट्रिक ट्राईसाईकिल पर सवार होकर निकले। इस सहायता से भावुक हुए उनके परिजनों ने माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

बेड़ो के ही 67 वर्षीय दिव्यांग बालकिशुन साहू को भी जनता दरबार में राज्य सरकार की इलेक्ट्रिक ट्राईसाईकिल प्रदान की गयी। अपनी बेटी और नाती के साथ पहुंचे बालकिशुन साहू ने कहा कि यह सहायता उनके दैनिक जीवन को काफी आसान बनाएगी। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

म्यूटेशन में लापरवाही पर सख्ती, कर्मचारी और सीआई को शोकॉज
जनता दरबार में बेड़ो निवासी माधुरी तिर्की ने म्यूटेशन से जुड़ी समस्या रखते हुए बताया कि एलआरडीसी कोर्ट के आदेश के बावजूद उनका नामांतरण नहीं किया जा रहा है और उन्हें लगातार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल अंचल अधिकारी, बेड़ो से दूरभाष पर बात कर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अंचल निरीक्षक एवं कर्मचारी को शोकॉज करने के निर्देश दिये तथा लंबित मामले का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

सरेंडर करनेवाले नक्सली की पत्नी को भूमि आवंटन
जनता दरबार में पूर्व में आवेदन देने वाली ठाकुरमनी देवी को भी महत्वपूर्ण राहत मिली। ठाकुरमनी देवी के पति ने नक्सली गतिविधियों को छोड़कर आत्मसमर्पण किया था। सरकार द्वारा भूमि बंदोबस्ती भी की गयी थी, लेकिन संबंधित भूमि रहने योग्य न कहकर उन्होंने वैकल्पिक भूमि आवंटन हेतु आवेदन दिया था। जिला प्रशासन की पहल पर आज उन्हें नगड़ी मौजा में 04 डिसमिल भूमि आवंटित की गयी। भूमि बंदोबस्ती से संबंधित दस्तावेज प्राप्त करते हुए उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
निष्पादन योग्य भूमि संबंधी मामलों में तेजी लाने का निर्देश
जनता दरबार में पंजी-2 सुधार, लगान रसीद निर्गत करने, दाखिल-खारिज, भूमि सीमांकन, अवैध कब्जा, ऑनलाइन जमाबंदी त्रुटि, रैयती भूमि विवाद, भूमि अभिलेख सुधार तथा राजस्व अभिलेखों में विसंगतियों से जुड़े कई मामले सामने आये। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित अंचल अधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा राजस्व कर्मियों को निष्पादन योग्य मामले का तेजी से निष्पादन के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब अथवा आमजन को कार्यालयों का चक्कर लगवाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जनता दरबार में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, सर्वजन पेंशन योजना तथा मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को सभी मामलों की जांच कर पात्र लाभुकों को शीघ्र योजनाओं से आच्छादित करने का निर्देश दिये।
जनता दरबार में इलाज हेतु आर्थिक सहायता, आयुष्मान भारत योजना से संबंधित, छात्रवृत्ति, विद्यालय नामांकन, आवास योजना, पेयजल सुविधा, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, रोजगार एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
जनता दरबार बना भरोसे का मंच
जनता दरबार के दौरान जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने दें।
*******************************