Major Operation by RPF Ranchi 61 kg of Ganja Seized, Three Smugglers Arrested

रांची,01.06.2026 –  रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 61 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 30.50 लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 को रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची, आरपीएफ पोस्ट रांची तथा आरपीएफ अपराध शाखा द्वारा संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर–जम्मू तवी एक्सप्रेस के कोच संख्या बी-3 में तीन संदिग्ध युवक चार ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग के साथ पाए गए।

पूछताछ के दौरान संदिग्धों ने बैगों में गांजा होने की बात स्वीकार की। इसके बाद ट्रेन के आगे बढ़ने पर तीनों को उनके सामान सहित नामकुम रेलवे स्टेशन पर उतारकर विधिसम्मत जांच की गई।

जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष सिंह (22 वर्ष), प्रिंस कुमार (21 वर्ष) और अंकित पाठक (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार के बक्सर जिले के निवासी हैं। उनके कब्जे से कुल 61 पैकेट गांजा (61 किलोग्राम) तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।

सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ रांची प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन में डीडी किट से जांच करने पर बरामद पदार्थ गांजा पाया गया। इसके बाद गांजा एवं अन्य जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया।

इस सफल अभियान में इंस्पेक्टर शिशुपाल कुमार, इंस्पेक्टर लालबहादुर, एएसआई योगेंद्र कुमार, एएसआई अनिल कुमार, एएसआई अभिषेक कुमार तथा अन्य आरपीएफ कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

*****************************

FinalJustice.in
👍 Like | 🔄 Share | 💬 Comment | 📺 Subscribe for Latest Updates