National President of Bharatiya Janata Party, Shri Nitin Naveen ji offered prayers at Kali Bari Temple located in CR Park, Delhi.

नई दिल्ली – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी ने आज मंगलवार को नई दिल्ली के चितरंजन पार्क स्थित काली बाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री वीरेंद्र सचदेवा, सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज सहित अन्य नेतागण भी उपस्थित रहे।

श्री नितिन नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता का बहुत-बहुत अभिनंदन है। पांच राज्यों में हुए चुनावों के लिए सभी राज्यों की जनता का भी बहुत-बहुत अभिवादन है। मां काली और मां कामाख्या की पवित्र भूमि में जो विजयश्री मिली है, उसके लिए हम आज मां काली के दरबार में मत्था टेकने आए हैं।

मां काली, मां दुर्गा और मां कामाख्या हम सभी को आशीर्वाद दें, ताकि हम पश्चिम बंगाल और असम समेत पूरे भारत के विकास में योगदान दे सकें। हमारे नेता माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, जो राष्ट्र नायक के रूप में लगातार इस देश में प्रधान सेवक के रूप में कार्य कर रहे हैं, वे विकास के साथ-साथ हमारी विरासत और संस्कृति को भी संजोते हुए आगे बढ़ा रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल की संस्कृति और विरासत को यदि किसी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा सकता है, तो वह यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में ही संभव है। हम यह भी मानते हैं कि पूरे देश की जनता ने वर्ष 2024 में जो कसक रह गई थी, उस कसक और जनता के मन में जो टीस थी, उसे कहीं न कहीं लगातार विजयश्री देकर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है।

हम आज मां काली के दरबार में आए, आशीर्वाद लिया है और यही कामना करते हैं कि पूरे देश, पश्चिम बंगाल और समस्त राज्यों में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा विकास और विरासत के संकल्प के साथ हम आगे बढ़ें।

**********************