Employees of Shirdi Sai Baba temple stole donation money and were caught

अहमदनगर,02 जून (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित शिरडी के विश्व प्रसिद्ध साईं बाबा मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है, जिसे वहां का कर्मचारी अंजाम दे रहा था।

रिपोर्ट के मुताबिक, श्री साईंबाबा संस्थान ट्रस्ट शिरडी के कर्मचारी ने दक्षिणा हुंडी (दान पात्र) से पैसे गिनते समय नकदी चुराई थी, जिसे सीसीटीवी में पकड़ा गया।

आरोपी कर्मचारी बालासाहेब नारायण गोंडकर हैं, जिनको ट्रस्ट से निकाल दिया गया है और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नकदी गिनने वाले विभाग के कर्मचारियों ने पिछले दिनों आरोपी कर्मचारी गोंडकर की कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी थीं, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

पिछले महीने की सीसीटीवी फुटेज देखी गई तो 4 अप्रैल, 8 अप्रैल और 11 अप्रैल को गोंडकर काफी चालाकी से 500 रुपये के नोटों को बंडल को छिपाते हुए दिखा।

गोंडकर नोट के बंडल को अपनी जांघ के नीचे, कपड़ों में और नोट गिनने वाली मशीन में छिपाता था।

शिरडी में साईं बाबा के दर्शन के बाद भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार वहां मंदिर और परिसर में रखे अन्य दान पात्रों में दान देते हैं, जिसकी गिनती सप्ताह में 2 बार मंगलवार और शुक्रवार को होती है।

पैसों की गिनती के लिए शिरडी संस्थान के कई विभागों के कर्मचारियों को लगाया जाता है। इन पैसों का उपयोग शिरडी के विकास कार्य, अस्पताल और भक्तों की सुविधा के लिए उपयोग में लाया जाता है।

यह पहली बार नहीं है, जब शिरडी में दान पात्र के पैसे किसी कर्मचारी ने चुराए हों, इससे पहले भी एक कर्मचारी ने यह हरकत की थी, जिसके बाद कई कठोर निर्णय लिए गए थे।

शिरडी में दान पात्र के पैसे गिनने वाले कर्मचारियों को विशेष कपड़े दिए जाते हैं, जिसमें जेब नहीं होती है और उनकी सुरक्षा कर्मियों द्वारा जांच होती है।

बता दें कि शिरडी में हर साल 400 करोड़ रुपये से अधिक का चढ़ावा आता है।

****************************