Chances of rain due to western disturbance

मौसम विभाग में ने दी चेतावनी

नईदिल्ली,15 फरवरी (Final Justice Digital News Desk/एजेंसी)। उत्तर भारत में दिन के समय बढ़ते तापमान के कारण फरवरी में ही गर्मी का एहसास हो रहा है। दूसरी तरफ कई इलाकों में सुबह-शाम के वक्त अभी भी गलन के कारण लोग परेशान हैं।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तर भारत में फिर से मौसम में बदलाव आएगा।
इससे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और 20 फरवरी तक मैदानी इलाकों में बारिश होने के आसार बने हुए हैं।

दिल्ली में तल्ख धूप के कारण गर्मी परेशान करने लगी है। शुक्रवार को दिनभर धूप खिली रही, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 26.4 दर्ज किया गया और न्यूनतम 10.7 डिग्री रहा है।

शनिवार (15 फरवरी) को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना जताई गई है।
राजधानी में 18 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे सकता है, जिससे आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं।

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से उठने वाली समुद्री हवाओं की वजह से राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री नीचे आ गया है।

इससे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू-कश्मीर में 20 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और तापमान माइनस में रहने की संभावना है। इस साल मार्च में तापमान तेजी से बढऩे के आसार हैं।

राजस्थान, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ स्थानों पर तापमान में लगभग 1-3 डिग्री की वृद्धि हुई है, जबकि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान, गुजरात के कुछ इलाकों में रात का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक ऊपर बन रहा है।

17-20 फरवरी के बीच पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में 19 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। बिहार में न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री के आस-पास दर्ज किया गया है।

*************************